ऊना,
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए सरकार आधुनिक तकनीक के माध्यम से 2000 करोड़ रुपये खर्च करेगी। उन्होंने यह बात कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान 14.92 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तुरकाल पंगा पेयजल योजना का शिलान्यास किया। इस योजना से बुधान, चमयाड़ी, धुंगले, लठियाणी और तनोह पंचायतों के लगभग 10 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने सामर्थ्य ज्ञानदीप पुस्तकालय और सामर्थ्य व्यायामशाला का भी शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बंगाणा में डीएसपी ऑफिस और सब-जज कोर्ट खोलने की घोषणा की। इसके अलावा रैनसरी और लठियाणी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) खोलने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने महिला मंडलों को 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है और पानी की गुणवत्ता सुधारने के लिए बड़े स्तर पर निवेश किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भी प्रतिबद्ध है। वर्ष 2023 की आपदा के दौरान प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए पूरी तरह क्षतिग्रस्त घरों के लिए सहायता राशि 1.5 लाख रुपये से बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दी गई है।
कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ऊना जिला में पेयजल योजनाओं के लिए लगभग 1000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा, विधायक राकेश कालिया, विधायक सुदर्शन बबलू, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।