देहरा में 41 जरूरतमंदों को मिली राहत, विधायक कमलेश ठाकुर ने बांटे ₹5.02 लाख के चेक

Himachal News

देहरा,

देहरा विधानसभा क्षेत्र में जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत देते हुए विधायक कमलेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत 41 लाभार्थियों को लगभग 5 लाख 2 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए। संयुक्त कार्यालय भवन देहरा में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों से आए लाभार्थियों और उनके परिजन मौजूद रहे।

इस सहायता के माध्यम से पात्र लोगों को चिकित्सा उपचार, विवाह सहायता और अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। विधायक ने लाभार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है।

कमलेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संजीवनी का काम करता है। गंभीर बीमारी या पारिवारिक संकट की स्थिति में समय पर मिली सहायता प्रभावित परिवारों को संभलने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने दोहराया कि जन सेवा ही प्रदेश सरकार का एकमात्र ध्येय है और इसी भावना के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लागू किया जा रहा है। भविष्य में भी पात्र व्यक्तियों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान एसडीएम कुलवंत सिंह पोटन, तहसीलदार कर्म चंद कालिया, आरटीए सदस्य पवन कुमार चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। लाभार्थियों ने आर्थिक सहयोग के लिए सरकार और विधायक का आभार व्यक्त किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *