शिमला,
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई हल्की बर्फबारी के बाद प्रदेशभर में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बर्फबारी और बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिसके चलते मौसम विज्ञान केंद्र ने कई जिलों के लिए शीतलहर और कोहरे का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी 6 जनवरी तक मौसम साफ बना रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटों के दौरान पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई। हालांकि लंबे समय से चले आ रहे सूखे का क्रम टूटा है, लेकिन इसके बावजूद दिसंबर 2025 में मात्र 0.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो 1902 के बाद छठी बार दिसंबर माह में सबसे कम बारिश मानी जा रही है।
मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि सोलन, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर और चंबा जिलों में हल्की बारिश हुई है, जबकि चंबा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई है। कसौली में सबसे अधिक 16 मिलीमीटर बारिश, कोकसर में 10 सेंटीमीटर बर्फबारी और चंबा के जोत क्षेत्र में 1 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज की गई है। कुफरी में भी हल्के बर्फ के फाहे पड़े हैं।
बर्फबारी के चलते प्रदेश के तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। बजौरा में अधिकतम तापमान 20 डिग्री, शिमला में 10 डिग्री, जबकि सोलन और हमीरपुर में लगभग 16 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं दो जिलों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है।
इसके अलावा बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा, ऊना, सोलन और सिरमौर जिलों में आगामी पांच दिनों के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में अगले दो दिनों तक शीतलहर चलने की चेतावनी दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इससे पहले 1902, 1907, 1925, 1939 और 1993 में दिसंबर माह में इतनी कम बारिश दर्ज की गई थी। मौसम साफ रहने से ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।