हिमाचल प्रदेश के सेब बागवानों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने मार्केट इंटरवेंशन स्कीम (MIS) के तहत सेब का भुगतान अब सीधे बागवानों के बैंक खातों में करने का फैसला लिया है। इसके लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली लागू की जाएगी।
बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि अब HPMC के माध्यम से दवाइयों, खाद या औजारों के बदले नकद राशि सीधे बागवानों के खातों में भेजी जाएगी, जिससे वे अपनी जरूरत के अनुसार राशि का उपयोग कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि MIS योजना के तहत HPMC पर बागवानों के करीब 115 करोड़ रुपये बकाया हैं, जबकि अब तक 154 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। शेष राशि जारी करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा रही है।
बागवानी मंत्री ने स्पष्ट किया कि DBT के माध्यम से भुगतान की शुरुआत पहले छोटे और सीमांत बागवानों से की जाएगी, ताकि उन्हें आगामी फसल की तैयारी में मदद मिल सके।
जगत सिंह नेगी ने विदेशी सेब पर आयात शुल्क घटाने को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि इससे हिमाचल के सेब बागवानों और प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ेगा। ऐसे में MIS के तहत DBT भुगतान का फैसला बागवानों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।