शिमला।
यात्री सुरक्षा और परिवहन नियमों के सख्त पालन को सुनिश्चित करने के लिए आरटीओ शिमला ने विशेष जांच अभियान के तहत जयंत ट्रेवल्स की एक निजी बस को जब्त किया है। बस संख्या HP-51-3201 को नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया तक एचआरटीसी वर्कशॉप में खड़ा कर दिया गया है।
जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित बस का फिटनेस प्रमाणपत्र एक्सपायर्ड था और वाहन के पास वैध परमिट भी नहीं था। इतना ही नहीं, बस चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट भी मौजूद नहीं पाया गया। अधिकारियों ने यह भी पाया कि वाहन पर विशेष सड़क कर वर्ष 2021 से लंबित था।
इसके अलावा बस को अनुमोदित परमिट मार्ग से बाहर संचालित किया जा रहा था, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन है और यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता था।
इस संबंध में आरटीओ शिमला विश्व मोहन देव चौहान ने कहा कि बिना वैध दस्तावेजों और फिटनेस के चल रहे वाहन यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ हैं। ऐसे लापरवाह संचालन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जब्त वाहन के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आरटीओ शिमला ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं कोई ऐसा वाहन दिखाई दे, जो बिना दस्तावेजों के चल रहा हो या यात्रियों के लिए असुरक्षित प्रतीत हो, तो इसकी सूचना तुरंत आरटीओ कार्यालय को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।