धर्मशाला में 33.78 करोड़ से बनेगा इंडोर आइस स्केटिंग रिंक, सीएम सुक्खू ने रखी आधारशिला

Himachal News

धर्मशाला,

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिला के धर्मशाला स्थित सकोह में 33.78 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंडोर आइस स्केटिंग रिंक एवं रोलर स्केटिंग रिंक की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजना के निर्माण में गुणवत्ता मानकों का पूरा ध्यान रखते हुए इसे निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

प्रस्तावित परिसर में खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। भवन के बेसमेंट में जिम, बिलियर्ड्स रूम और कैफे की सुविधा उपलब्ध होगी। धरातल मंजिल पर वीआईपी लाउंज बनाया जाएगा, जबकि ऊपरी बालकनी में 1,079 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी।

रोलर स्केटिंग रिंक की दर्शक दीर्घा में करीब 250 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। परिसर में खिलाड़ियों, दर्शकों और आगंतुकों की सुविधा के लिए 250 वाहनों की पार्किंग भी विकसित की जाएगी। इस परियोजना से धर्मशाला में आइस स्केटिंग और रोलर स्केटिंग जैसी खेल गतिविधियों को बेहतर आधारभूत ढांचा मिलने की उम्मीद है।

7,500 परिवारों को मिलेगी सीवरेज सुविधा

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर धर्मशाला शहर के लिए 982 लाख रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक सीवरेज एवं सेप्टेज प्रबंधन सुविधा का भी लोकार्पण किया। संयंत्र की क्षमता 60 किलोलीटर प्रतिदिन (केएलडी) है।

इस सुविधा से सीवरेज नेटवर्क से अभी तक वंचित धर्मशाला के सात वार्डों को लाभ मिलेगा। इससे करीब 7,500 परिवारों को बेहतर सीवरेज प्रबंधन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

समारोह में कई गणमान्य रहे मौजूद

कार्यक्रम में कृषि मंत्री चंद्र कुमार, ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के अध्यक्ष आर.एस. बाली, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (डिजिटल प्रौद्योगिकी, सुशासन एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, सांसद अनुराग शर्मा, विधायक आशीष बुटेल, सुरेश कुमार, मलेंद्र राजन सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।