शिमला,
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को मनाली मैराथन के चौथे संस्करण के लिए तैयार की गई टी-शर्ट का अनावरण किया। जिला कुल्लू के मनाली में आयोजित होने वाली यह मैराथन 30 अक्तूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। आयोजकों ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है।
मनाली मैराथन एवं हिमालयन एक्सट्रीम स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस वर्ष की मैराथन की थीम ‘ग्रीन वॉरियर्स: यूथ इनिशिएटिव फॉर ए ड्रग फ्री, फिट एंड क्लीन हिमाचल’ रखी गई है। आयोजन के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।
100 किलोमीटर अल्ट्रा चैलेंज होगा प्रमुख आकर्षण
मनाली मैराथन में विभिन्न वर्गों की दौड़ आयोजित की जाएगी। इनमें 100 किलोमीटर रोहतांग पास अल्ट्रा चैलेंज, 42 किलोमीटर फुल मैराथन, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन के अलावा 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर मास रन शामिल हैं।
आयोजकों के अनुसार, मैराथन का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश को ऊंचाई वाले साहसिक खेलों, इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। मनाली और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में साहसिक खेलों की संभावनाओं को बढ़ावा देने के साथ इस आयोजन के जरिए पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
नशामुक्त और फिट हिमाचल का संदेश
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि मनाली मैराथन पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त हिमाचल के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा जैसी सामाजिक बुराई से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मनाली मैराथन में देश-विदेश से भाग लेने वाले धावक और स्थानीय युवा फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण तथा नशामुक्त समाज का सकारात्मक संदेश आगे बढ़ाएंगे।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक हरीश जनारथा, महाधिवक्ता अनूप रत्न तथा मनाली मैराथन एवं हिमालयन एक्सट्रीम स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।