दिवाली पर घर लौटने वालों के लिए राहत, HRTC चलाएगा 266 विशेष बसें

Himachal News

शिमला,

दिवाली के त्योहार पर अपने घर पहुंचने की तैयारी कर रहे हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए राहत की खबर है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) 6 और 7 नवंबर को दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए 266 विशेष बसें चलाएगा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए निगम ने अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारी शुरू कर दी है।

6 नवंबर को चलेंगी 134 विशेष बसें

मुकेश अग्निहोत्री के अनुसार, 6 नवंबर को कुल 134 विशेष बसें चलाई जाएंगी। इनमें दिल्ली से 42, चंडीगढ़ से 69 और बद्दी से 23 बसें हिमाचल के लिए रवाना होंगी।

वहीं, 7 नवंबर को 132 विशेष बसों का संचालन किया जाएगा। इस दिन दिल्ली से 49, चंडीगढ़ से 63 और बद्दी से 20 बसें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों तक यात्रियों को पहुंचाएंगी।

दिवाली के दिन भी जारी रहेंगी बस सेवाएं

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 8 नवंबर को दिवाली के दिन भी यात्रियों के लिए बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, हालांकि इस दिन न्यूनतम सेवाओं का संचालन किया जाएगा। दिल्ली, चंडीगढ़ और लंबी दूरी के रूटों पर जरूरत के अनुसार बसें चलाई जाएंगी। वहीं, हिमाचल प्रदेश के भीतर बस सेवाएं शाम 4 बजे तक संचालित होंगी।

त्योहार पर घर पहुंचने में मिलेगी सुविधा

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि दिवाली परिवार के साथ मनाया जाने वाला प्रमुख त्योहार है। दूसरे शहरों में नौकरी और कामकाज के सिलसिले में रहने वाले प्रदेशवासियों को घर पहुंचने में सुविधा देने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि एचआरटीसी यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। विशेष बसों के संचालन से त्योहार के दौरान यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे और वे अपने परिवारों के साथ दिवाली मना सकेंगे।