मंडी में एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकाथॉन का नेतृत्व कर युवाओं से नशे के खिलाफ एकजुट होने की अपील
नशा तस्करों की 92 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति सीज, सरकारी भूमि पर बनी 22 संपत्तियां भी ध्वस्त
मंडी,
हिमाचल प्रदेश में चिट्टे और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने स्पष्ट किया कि युवाओं का जीवन नशे की भेंट चढ़ाने वाले तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं की सुरक्षा और हिमाचल को नशामुक्त बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने मंडी में आयोजित एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकाथॉन का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। पड्डल मैदान से शुरू हुई यह वॉकाथॉन बस स्टैंड और सेरी मंच की ओर बढ़ते हुए वापस पड्डल मैदान में संपन्न हुई। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को एंटी चिट्टा शपथ दिलाई और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ-साथ इस अभियान में जिम्मेदारी से योगदान देने का आह्वान किया।
92 करोड़ की संपत्ति सीज, 22 अवैध निर्माण ध्वस्त
पड्डल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में नशा तस्करों की अवैध कमाई से अर्जित लगभग 92 करोड़ रुपये की संपत्ति सीज की जा चुकी है। इसके अलावा सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के तहत बनी 22 संपत्तियों को खाली करवाकर ध्वस्त किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिट्टा बेचने और ड्रग तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ कर अवैध कमाई करने वालों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है।
नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज की भागीदारी जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की समस्या का समाधान केवल सरकारी प्रयासों और पुलिस कार्रवाई से संभव नहीं है। इसके लिए पूरे समाज को एकजुट होकर आगे आना होगा। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, युवा मंडलों और सामाजिक संगठनों से इस अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की।
उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आग्रह किया कि चिट्टे की बिक्री या नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर चुप न रहें। ऐसी जानकारी आपातकालीन टोल फ्री नंबर 112 के माध्यम से पुलिस और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं। मुख्यमंत्री ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ विश्वसनीय सूचना देने वाले लोगों को पुरस्कृत करने का प्रावधान भी किया गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस कानून के दायरे में रहकर तस्करों और उनके नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। प्रदेश को चिट्टे के खतरे के सामने झुकने नहीं दिया जाएगा।
एक साल में कई जिलों तक पहुंचा एंटी चिट्टा अभियान
मुख्यमंत्री ने अभियान की शुरुआत का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब एक वर्ष पहले समाज को नशे के खिलाफ एकजुट करने के उद्देश्य से यह मुहिम शुरू की गई थी। 5 नवंबर, 2025 को शिमला में हजारों लोग नशे के खिलाफ आवाज उठाने के लिए सड़कों पर उतरे थे। इसके बाद 1 दिसंबर को धर्मशाला, 16 दिसंबर को हमीरपुर और 26 दिसंबर को बिलासपुर में भी बड़े स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं और आम लोगों ने नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया। अब मंडी में भी उसी उत्साह और संकल्प के साथ लोग इस अभियान से जुड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचे विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
मंडी में जिला पुस्तकालय भवन का शिलान्यास
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंडी में 6 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले जिला पुस्तकालय भवन का शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम में विधायक अनिल शर्मा, चंद्रशेखर और सुरेश कुमार, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, रंगीला राम राव और प्रकाश चौधरी, पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर, हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम के अध्यक्ष लाल सिंह कौशल, एससी सेल कांग्रेस अध्यक्ष नरेश चौहान, जिला अध्यक्ष चम्पा ठाकुर, पीसीसी उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर, महासचिव पवन ठाकुर और धर्मवीर धामी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस दौरान पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, उपायुक्त अपूर्व देवगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।