राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने गेयटी थियेटर में सुनील उपाध्याय की पुण्यतिथि पर आयोजित संगोष्ठी को किया संबोधित, बोले- विकसित भारत@2047 के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका निर्णायक
शिमला,
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि युवा पीढ़ी को शिक्षा, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने जीवन के मार्गदर्शक सिद्धांत बनाना चाहिए। युवाओं को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज और देश के विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।
राज्यपाल वीरवार सायं शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में सुनील उपाध्याय की पुण्यतिथि पर सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा आयोजित संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। ‘शिक्षा, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व में युवाओं की भूमिका’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं को राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियां समझने का संदेश दिया।
सुनील उपाध्याय के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान
राज्यपाल ने कहा कि यह आयोजन उन विचारों, मूल्यों और आदर्शों को याद करने का अवसर है, जो युवाओं को राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने सुनील उपाध्याय के जीवन, संगठनात्मक योगदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, त्याग और प्रतिबद्धता की प्रेरणादायक गाथा है। उनका योगदान यह दर्शाता है कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति केवल उसकी विचारधारा में नहीं, बल्कि उसे आगे बढ़ाने वाले समर्पित लोगों के प्रयासों में निहित होती है।
राज्यपाल ने सुनील उपाध्याय मेमोरियल ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ट्रस्ट शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और युवा सशक्तिकरण के माध्यम से उनके विचारों एवं आदर्शों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है।
शिक्षा का उद्देश्य चरित्र निर्माण भी होना चाहिए
कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि शिक्षा राष्ट्र निर्माण का आधार है। इसका लक्ष्य केवल डिग्री हासिल करना या रोजगार प्राप्त करना नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्य, अनुशासन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 कौशल विकास, बहुविषयक शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान को प्रोत्साहित करने का व्यापक दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है।
राज्यपाल ने कहा कि देश को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है, जो केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहें, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी, नवाचारी और जिम्मेदार नागरिक भी बनें।
विविधता में निहित है भारत की असली ताकत
राज्यपाल ने कहा कि भारत की बहुरंगी विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। देश की भाषाएं, पहनावा, खान-पान और परंपराएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन राष्ट्रीय पहचान, साझा सांस्कृतिक विरासत और संवैधानिक मूल्य सभी को एक सूत्र में बांधते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में विभिन्न संस्कृतियों के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं। विद्यार्थियों का जीवन केवल परीक्षाओं और प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसी अवधि में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, देशभक्ति और सामाजिक संवेदनशीलता जैसे गुण विकसित होते हैं, जो उन्हें भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं।
नशामुक्त समाज और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें युवा
राज्यपाल ने कहा कि भारत विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष अनुसंधान, डिजिटल विकास, खेल और उद्यमिता के क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रहा है। इस प्रगति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत@2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को नवाचार, कौशल, परिश्रम और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ आगे आना होगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से युवा पीढ़ी की इसमें अहम भूमिका है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त समाज, भ्रष्टाचारमुक्त व्यवस्था, सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही आधुनिक ज्ञान और तकनीक अपनाने के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दिया।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने किया स्वागत
इससे पूर्व कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि देवदत्त जोशी और अध्यक्षता कर रहे अमित आर्य ने भी सुनील उपाध्याय के जीवन एवं योगदान पर प्रकाश डाला और युवाओं से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
सुनील उपाध्याय मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रो. सुनील कुमार गुप्ता ने राज्यपाल का स्वागत किया, जबकि ट्रस्ट के सचिव प्रो. सुरेंद्र शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।