शिलाई के पशमी गांव में श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज मंदिर में राज्यपाल और लेडी गवर्नर ने की पूजा-अर्चना, युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने पर दिया जोर
शिलाई/सिरमौर,
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि भारत की प्राचीन देव संस्कृति और समृद्ध सनातन परंपराएं देश की आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता की मजबूत नींव हैं। इस विरासत को सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता के साथ शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पशमी गांव स्थित श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सत्य और न्याय के प्रतीक हैं चालदा महासू महाराज
मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भगवान शिव के स्वरूप में पूजे जाने वाले श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज सत्य, न्याय, धर्म और लोक कल्याण के प्रतीक हैं। देवता के गांव-गांव भ्रमण की परंपरा क्षेत्र की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान है। यह परंपरा लोगों में आपसी भाईचारे, सम्मान, सामूहिक आस्था और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करती है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की साझा देव संस्कृति देश की आध्यात्मिक एकता का विशेष उदाहरण है। यह परंपरा भौगोलिक सीमाओं से ऊपर उठकर दोनों क्षेत्रों के लोगों को आपसी विश्वास और सांस्कृतिक जुड़ाव के सूत्र में बांधती है।
‘विरासत के साथ विकास’ से मजबूत हो रही सांस्कृतिक पहचान
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत के साथ विकास’ के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आधुनिक विकास की दिशा में आगे बढ़ने के साथ अपनी सभ्यतागत, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी नई पहचान दे रहा है।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को सनातन मूल्यों, स्थानीय परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना जरूरी है। इससे नैतिक रूप से मजबूत, सामाजिक जिम्मेदारी निभाने वाला और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ा समाज तैयार करने में मदद मिलेगी।
धार्मिक पर्यटन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन की व्यापक संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन संभावनाओं को सतत विकास के साथ आगे बढ़ाने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सकती है।
इसके माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। साथ ही प्रदेश की समृद्ध देव संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी मदद मिलेगी।
नशामुक्त और आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने का आह्वान
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से नशामुक्त, समृद्ध, सांस्कृतिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण के लिए मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने में भी प्रदेश के प्रत्येक नागरिक से योगदान देने की अपील की।
उन्होंने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज की कृपा समस्त मानवता पर बनी रहे।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, उपायुक्त प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।