काला अंब में राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने जनसेवा के लिए समर्पित की एंबुलेंस, कहा— छोटे उद्योग रोजगार और औद्योगिक विकास के प्रमुख आधार
नाहन/काला अंब,
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) देश की अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। यह क्षेत्र रोजगार सृजन, विनिर्माण, निर्यात और उद्यमिता को बढ़ावा देने का एक प्रमुख माध्यम बनकर उभरा है।
राज्यपाल शनिवार को सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र काला अंब में लघु उद्योग भारती की स्थानीय इकाई की ओर से आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जनसेवा के उद्देश्य से उपलब्ध करवाई गई एंबुलेंस को जनता को समर्पित किया। कार्यक्रम में लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी मौजूद रहीं।
उद्योगों के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी जरूरी
राज्यपाल ने लघु उद्योग भारती की पहल की सराहना करते हुए कहा कि औद्योगिक विकास का उद्देश्य केवल आर्थिक लाभ तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उद्योग जगत को समाज और जरूरतमंद लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। एंबुलेंस सेवा शुरू करना इसी सोच का उदाहरण है, जो उद्योगों की सामाजिक संवेदनशीलता और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि देश में 7.47 करोड़ से अधिक पंजीकृत एमएसएमई इकाइयां 32 करोड़ से ज्यादा लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान कर रही हैं। इसके साथ ही ये उद्यम राष्ट्रीय जीडीपी, विनिर्माण और निर्यात में भी अहम हिस्सेदारी रखते हैं।
छोटे उद्यमियों के लिए आसान हुई कारोबार की राह
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने छोटे कारोबारियों और उद्यमियों को मजबूत बनाने के लिए वित्तीय सहायता, तकनीकी विकास और कारोबार की प्रक्रियाओं को सरल करने के उद्देश्य से कई पहल की हैं।
उन्होंने एक अप्रैल, 2025 से लागू एमएसएमई के नए वर्गीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि निवेश और वार्षिक कारोबार की सीमा बढ़ने से उद्यमियों को अपने कारोबार का विस्तार करने, नए निवेश आकर्षित करने और रोजगार के अतिरिक्त अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी।
संशोधित वर्गीकरण के अनुसार:
- सूक्ष्म उद्यम: निवेश सीमा 2.5 करोड़ रुपये और वार्षिक कारोबार 10 करोड़ रुपये।
- लघु उद्यम: निवेश सीमा 25 करोड़ रुपये और वार्षिक कारोबार 100 करोड़ रुपये।
- मध्यम उद्यम: निवेश सीमा 125 करोड़ रुपये और वार्षिक कारोबार 500 करोड़ रुपये।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और क्रेडिट गारंटी योजना को भी उद्यमिता को प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से स्वरोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ नए व्यवसाय शुरू करने और मौजूदा उद्यमों को आगे बढ़ाने के अवसर मिल रहे हैं।
काला अंब में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक विकास में काला अंब की भूमिका का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस तरह के औद्योगिक केंद्रों में निवेश, रोजगार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने लघु उद्योग भारती के प्रयासों की भी सराहना की, जो उद्यमियों को साझा मंच उपलब्ध करवाकर आपसी सहयोग, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित कर रही है।
राज्यपाल ने संस्था की काला अंब इकाई के पदाधिकारियों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों को एंबुलेंस जैसी जनहितकारी पहल के लिए बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए और क्षेत्र के पंचायत प्रधानों को सम्मानित भी किया।
इससे पहले लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरविंद धूमल ने राज्यपाल का स्वागत किया और प्रदेश में संस्था के तहत स्थापित औद्योगिक इकाइयों की जानकारी साझा की। संस्था के सदस्य अखिल महेश्वरी ने काला अंब इकाई की विभिन्न गतिविधियों और सामाजिक कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। प्रदेशाध्यक्ष अखिल मोहन ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा।