शिमला,
AIMSS अस्पताल चमियाना में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कुत्ता मानव पैर को मुंह में लेकर घूमता हुआ दिखाई दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संज्ञान लिया और पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए तीन सदस्यीय तथ्य-जांच समिति का गठन किया है। इस समिति में नर्सिंग अधीक्षक लीलावती, बायोमेडिकल वेस्ट के नोडल अधिकारी राजेश वर्मा और मैट्रन लीला बोध को शामिल किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि समिति का मुख्य उद्देश्य घटना की सच्चाई का पता लगाना, जिम्मेदारी तय करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए व्यवस्थागत कमियों की पहचान करना है। समिति को आज शाम 5 बजे तक अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भी रोष देखा जा रहा है और अस्पताल की बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।