हमीरपुर,
हमीरपुर के निकट अणु का मैदान में चल रही भारतीय थल सेना की भर्ती रैली के छठे दिन शनिवार को भी बड़ी संख्या में युवाओं ने ग्राउंड टेस्ट में भाग लिया।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान सैकड़ों युवाओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षण (ग्राउंड टेस्ट) में हिस्सा लिया। वहीं, पिछले दिनों ग्राउंड टेस्ट पास कर चुके अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच और दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया भी जारी रही।
कर्नल श्रीधर राजन, निदेशक थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू ढंग से पूरा करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस भर्ती रैली में हमीरपुर जिला, बिलासपुर जिला और ऊना जिला के पात्र युवा भाग ले रहे हैं। भर्ती रैली में युवाओं में सेना में भर्ती होने को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।