भाजपा नेता बलबीर वर्मा का कांग्रेस पर हमला, एआई समिट के विरोध को बताया देश की छवि धूमिल करने वाला

Himachal News

शिमला,

एआई समिट को लेकर शिमला में हुए युवा कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक बलबीर वर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस पर देश की छवि धूमिल करने और सस्ती राजनीति करने का आरोप लगाया।

वर्मा ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकने का प्रयास किया गया, जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर तकनीक और एआई के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है, ऐसे में राष्ट्रीय स्तर के आयोजन के दौरान इस तरह का विरोध गैर-जिम्मेदाराना है।

भाजपा विधायक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब देश की उपलब्धियों की चर्चा विश्व स्तर पर हो रही है, तब कांग्रेस “घर का भेदी लंका ढाए” जैसी भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की भाषा और राजनीतिक शैली लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है और यह केवल विरोध के लिए विरोध करने की मानसिकता को दर्शाती है।

वर्मा ने आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित है और इसका उद्देश्य केवल सुर्खियां बटोरना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कार्यक्रमों के दौरान इस तरह की गतिविधियां देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाती हैं और जनता इसका जवाब समय आने पर जरूर देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *