नाहन,
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सिरमौर जिले के नाहन के एक दिवसीय दौरे के दौरान क्षेत्र को बड़ी विकासात्मक सौगात दी। मुख्यमंत्री ने करीब 190 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 17 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 152 करोड़ रुपये की लागत वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें नाहन शहर में 53.40 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट ग्रिड तकनीक लागू करने, पांवटा साहिब में 43.66 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट ग्रिड तकनीक के कार्यान्वयन तथा 16.04 करोड़ रुपये की लागत से भेरों से आदि बद्री सड़क निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा 12.36 करोड़ रुपये की लागत से कांशिवाला से बिरोजा फैक्ट्री वाया जब्बल का बाग सड़क, 8.42 करोड़ रुपये की लागत से नाहन में मुख्य चिकित्सा कार्यालय भवन तथा 8.17 करोड़ रुपये की लागत से बर्मा पापरी-पालियों-माजरी सड़क के सुधार और उन्नयन कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने 6.98 करोड़ रुपये की लागत से सैनवाला झमेरिया-ब्रोगरिया-जामनवाला-चरूवाला-कोटला लिंक रोड तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-07 से भद्रकाली मंदिर होते हुए फॉरेस्ट चेक पोस्ट कोलर बिलासपुर तक संपर्क मार्ग के निर्माण की भी आधारशिला रखी।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कई परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। इनमें नाहन में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से बने टेबल टेनिस-कम-स्क्वैश कोर्ट परिसर, धौला कुआं स्थित राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में तकनीकी शिक्षा के लिए छात्रावास तथा अकादमिक भवन की दूसरी मंजिल का लोकार्पण शामिल है।
इसके साथ ही धौला कुआं के राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में आवासीय खंड, ऑटोमोबाइल खंड और छात्रावास का उद्घाटन भी किया गया। इसके अतिरिक्त जुड्डा-का-जोहार से गांव गड्डा तक संपर्क सड़क, कालाअंब में फायर पोस्ट भवन तथा नाहन में जिला पंचायत संसाधन केंद्र का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वन अधिकार अधिनियम के तहत 28 परिवारों को मालिकाना हक के पट्टे भी प्रदान किए।