सुजानपुर,
हमीरपुर जिला प्रशासन की एक सराहनीय पहल के तहत बाल आश्रम सुजानपुर के बच्चों को शैक्षणिक व मनोरंजनात्मक भ्रमण का अवसर मिला है। जिला प्रशासन और वीनस फाउंडेशन ट्रस्ट के सहयोग से ये बच्चे पांच दिवसीय जयपुर भ्रमण के लिए रवाना हुए।
रविवार को उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बच्चों की बस को हरी झंडी दिखाकर जयपुर टूर के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने बच्चों और उनके साथ जा रहे आश्रम स्टाफ को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि बाल आश्रम सुजानपुर के बच्चों को बेहतर आवास, शिक्षा, मनोरंजन और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने वीनस फाउंडेशन ट्रस्ट के साथ एक एमओयू किया है। इसके तहत बच्चों को उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि वीनस रेमेडीज लिमिटेड द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत वीनस फाउंडेशन ट्रस्ट का गठन किया गया है, जो लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। अब ट्रस्ट बाल आश्रम सुजानपुर के बच्चों के कल्याण के लिए भी आगे आया है।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि जयपुर टूर पूरी तरह वीनस फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा प्रायोजित किया गया है, जिसकी समन्वयक ट्रस्ट की मैनेजिंग ट्रस्टी एकता चौधरी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बच्चे 8 फरवरी को सड़क मार्ग से चंडीगढ़ पहुंचेंगे और वहां से वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से जयपुर जाएंगे।
जयपुर में बच्चे एक अच्छे होटल में ठहरेंगे और 9, 10 व 11 फरवरी को ऐतिहासिक, धार्मिक, पर्यटन स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण करेंगे। 12 फरवरी को बच्चे जयपुर से चंडीगढ़ तक हवाई यात्रा करेंगे और इसके बाद सड़क मार्ग से सुजानपुर लौटेंगे।
बच्चों की रवानगी के मौके पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।