कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार अब पूरी तरह सक्रिय भूमिका में नजर आ रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय में अग्रणी संगठनों के नेताओं के साथ अपनी पहली औपचारिक बैठक की। इससे पहले सुबह शिमला में उनकी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ विस्तृत बातचीत हुई।
विनय कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर होने वाले बड़े कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उन्होंने कांग्रेस के अग्रणी संगठनों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि आपदा और वित्तीय चुनौतियों के बावजूद कांग्रेस सरकार ने उत्कृष्ट काम किया है। पार्टी की घोषित गारंटियों में से 5 से 6 प्रमुख गारंटियां पूरी हो चुकी हैं, जबकि शेष गारंटियां अगले दो वर्षों में पूरी कर दी जाएंगी।
उन्होंने स्वीकार किया कि लंबे समय से संगठनात्मक ढांचा कमजोर होने के कारण कार्यकर्ता शांत थे, इसलिए अब वह कल से प्रदेशभर का विस्तृत दौरा शुरू करेंगे। उनका कहना है कि इससे कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा और संगठन को मजबूती मिलेगी। विनय कुमार ने यह भी कहा कि आने वाले समय में कई इकाइयों का गठन किया जाएगा और अगले तीन महीनों में संगठन निर्माण की पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा केवल आरोप लगाने में माहिर है, जबकि आपदा राहत में उसने कोई सहयोग नहीं दिया। प्रदेश सरकार ने सीमित संसाधनों के बावजूद व्यापक राहत कार्य किए, जबकि केंद्र सरकार से कोई सहायता प्राप्त नहीं हुई।