चंबा।
जिला चंबा की पर्यटन नगरी डलहौजी में बीते दिनों हुई जबरदस्त बर्फबारी के बाद इन दिनों प्रकृति अपने पूरे शबाब पर है। बर्फबारी के बाद अब देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में पर्यटक डलहौजी पहुंच रहे हैं और यहां के नज़ारों का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। पर्यटकों का कहना है कि डलहौजी के नज़ारे स्विट्जरलैंड से भी ज्यादा खूबसूरत नजर आ रहे हैं।
डलहौजी की पूरी वादियां, मकान, पेड़-पौधे और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां मोटी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। चारों ओर फैली चमचमाती बर्फ ने इस पर्यटन नगरी की प्राकृतिक सुंदरता को और भी निखार दिया है। बर्फ से लकदक पहाड़ियां और शांत वातावरण पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर रहा है।
बर्फबारी के बाद से डलहौजी में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हजारों की संख्या में सैलानी यहां पहुंच रहे हैं, क्योंकि वे लंबे समय से इस बर्फबारी का इंतजार कर रहे थे। पर्यटक बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच घूमते नजर आ रहे हैं और यादगार पलों को कैमरे में कैद कर रहे हैं।
पर्यटकों का कहना है कि इन दिनों डलहौजी बेहद खूबसूरत लग रही है और यहां आकर उन्हें एक अविस्मरणीय अनुभव मिल रहा है। सैलानियों ने अन्य लोगों से भी इस मौसम में डलहौजी आने की अपील की है। बर्फ के बीच सजी-संवरी डलहौजी इन दिनों पर्यटकों की पहली पसंद बनकर उभरी है।