शिमला
देशभर में आज संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती मनाई जा रही है। हिमाचल प्रदेश में भी बाबा साहब को याद किया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने शिमला के चौड़ा मैदान स्थित संविधान निर्माता बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित अन्य लोगों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि भीम राव अम्बेडकर ने स्वतंत्रता आंदोलन और संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका विशेष जोर शिक्षा को लेकर रहा और शिक्षित होकर ही लड़ाई लड़ी जा सकती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पंच तीर्थों को बनाकर उनकी याद को जीवित किया है।
वहीं स्वास्थ्य एवं सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री धनी राम शांडिल ने कहा कि भीम राव अम्बेडकर ने संविधान का निर्माण किया जिसके आधार पर आज देश चल रहा है देश के प्रति अम्बेडकर के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।
वहीं इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि डॉ अम्बेडकर ने देश की आजादी और आजादी के बाद संविधान निर्माण करके देश को समर्पित किया। अम्बेडकर संघर्ष करते हुए कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए कभी विचलित नहीं हुए। उन्होंने गरीब और पिछड़े तबके के लिए काम करने का लक्ष्य बनाया। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के संविधान निर्माण में उनका योगदान रहा है। समाज को आगे बढ़ाने के लिए भीम राव आंबेडकर का जीवन प्रेरणादायि हैं।