नादौन,
कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आतमा परियोजना) हमीरपुर द्वारा मंगलवार को नादौन उपमंडल के गांव जसाई में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने की।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के साथ-साथ ग्रामीण आर्थिकी को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने प्राकृतिक खेती को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए किसानों से इसे अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने प्राकृतिक खेती से तैयार फसलों के लिए अलग से बेहतर मूल्य तय किया है। दूध के दामों में रिकॉर्ड वृद्धि भी किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे प्राकृतिक खेती अपनाकर शुद्ध अन्न पैदा करें और अपनी आय में भी बढ़ोतरी करें।
विधायक ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा कई सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ा गया है, जिससे गरीब परिवारों के बच्चों को घर के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। उन्होंने नादौन विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। इस दौरान किसानों को विभिन्न सब्जियों के बीज भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में एपीएमसी हमीरपुर के अध्यक्ष अजय शर्मा ने भी किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इससे पूर्व आतमा परियोजना के परियोजना निदेशक राकेश धीमान ने मुख्य अतिथि और उपस्थित किसानों का स्वागत किया तथा जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों पर प्रकाश डाला।
इस मौके पर एसडीएम निशांत शर्मा, उप परियोजना निदेशक राजेश शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, पशु चिकित्सक संदीप पाटिल, एचडीओ शिप्रा बरवाल सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और किसान उपस्थित रहे।