हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार को पदभार संभाले एक महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति और प्रदेश कार्यकारिणी का गठन नहीं हो पाया है। इस देरी को लेकर विपक्षी भारतीय जनता पार्टी लगातार सवाल खड़े कर रही है।
इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने स्पष्ट किया है कि पार्टी संगठन को लेकर जल्द बड़ा फैसला लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया है कि आने वाले एक हफ्ते के भीतर जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी जाएगी, वहीं इसके तुरंत बाद प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी का भी गठन किया जाएगा।
विनय कुमार ने कहा कि नया साल उनके लिए कई चुनौतियां लेकर आया है, लेकिन वे हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि बतौर प्रदेश अध्यक्ष उनकी प्राथमिकता संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है।
उन्होंने बताया कि आगामी समय में हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी प्रस्तावित हैं, ऐसे में संगठन को मजबूती देने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जा रही है। विनय कुमार ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर कांग्रेस को फिर से मजबूती के साथ जनता के बीच ले जाया जाएगा।
कांग्रेस अध्यक्ष ने भरोसा जताया कि संगठनात्मक नियुक्तियों के बाद पार्टी में नई ऊर्जा आएगी और कार्यकर्ता एकजुट होकर सरकार की नीतियों और जनहित के मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।