सोलन,
सोलन में बुधवार को अपने प्रवास के दौरान हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने नौणी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि राजभवन का नाम ‘लोकभवन’ करना जनता से सीधे जुड़ाव का संदेश देता है।
राज्यपाल ने कहा कि नाम बदलने से लोगों में उत्सुकता बढ़ेगी और यह सोच भी उत्पन्न होगी कि लोकभवन क्या है और क्यों है?
उन्होंने कहा—
“यह बदलाव प्रतीकात्मक जरूर है, लेकिन लोगों में संवाद और रुचि बढ़ाने का काम करेगा।”
नशे के मुद्दे पर राज्यपाल की चिंता
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने हिमाचल प्रदेश में बढ़ते नशे को लेकर कहा कि समाज को एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने कहा कि मीडिया ने नशे के खिलाफ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने बताया कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों आज नशे के खिलाफ एक साथ खड़े हैं, जो कि अच्छी बात है।
उन्होंने कहा—
“हर गांव, हर पंचायत में लोगों को जागरूक होना होगा। नशा तस्करी करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ आवाज उठानी होगी, और जो युवा नशे में फंस रहे हैं उन्हें बाहर निकालने के प्रयास होने चाहिए।”
प्राकृतिक खेती पर भी दिया जोर
राज्यपाल ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बात करते हुए कहा कि वैज्ञानिकों को सीधे किसानों तक पहुंचने की जरूरत है ताकि प्राकृतिक खेती को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल सके।
दीक्षांत समारोह में किया सम्मानित
नौणी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने सभी गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि
“भविष्य में युवा देश के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।”
जटोली मंदिर में की पूजा
अपने सोलन दौरे के दौरान राज्यपाल ने प्रसिद्ध जटोली शिव मंदिर में पूजा-अर्चना भी की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।