देहरा केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने किया औचक निरीक्षण

Himachal News

हमीरपुर/देहरा,
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने देहरा में निर्माणाधीन केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन और निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय से जुड़े शेष बुनियादी ढांचा कार्यों को तेजी से और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि छात्रों के हित सर्वोपरि हैं।

समीक्षा बैठक में सांसद ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश के लिए केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना एवं विकास हेतु कुल 740.79 करोड़ रुपये का अनुदान स्वीकृत किया गया है। इसमें 512.37 करोड़ रुपये गैर-आवर्ती तथा 210.55 करोड़ रुपये आवर्ती व्यय के रूप में शामिल हैं। यह राशि विश्वविद्यालय के देहरा और धर्मशाला परिसरों के समग्र विकास के लिए अनुमोदित है, जिसमें अब तक किए गए खर्च भी सम्मिलित हैं।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा होना चाहिए, ताकि जल्द से जल्द शैक्षणिक गतिविधियां सुचारू रूप से शुरू की जा सकें। उन्होंने देहरा परिसर में जलापूर्ति, सड़क, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने बताया कि स्थानीय जनहित को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय के लिए एक अलग जलापूर्ति योजना पर कार्य किया जा रहा है, जिसके लिए 19 करोड़ रुपये की राशि पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है।

सांसद ठाकुर ने दोहराया कि केंद्र सरकार छात्रों को उत्तम शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और विश्वस्तरीय शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ की कार्यशाला में भी हुए शामिल

निरीक्षण के बाद सांसद अनुराग सिंह ठाकुर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ की एकदिवसीय कार्यशाला में भी शामिल हुए। कार्यशाला के प्रथम सत्र में उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल के साथ संबोधन किया। इस अवसर पर पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक घनश्याम शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *