हमीरपुर।
हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद कुलदीप सिंह पठानिया गुरुवार को पहली बार अपने गृह जिला हमीरपुर पहुंचे। उनके आगमन पर जिला भर में उत्साह का माहौल देखने को मिला और कांग्रेसी नेताओं, कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने उनका भव्य एवं गर्मजोशी से स्वागत किया।
जिला के प्रवेश द्वार उखली में सुबह से ही स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, विभिन्न बोर्डों व निगमों के निदेशक मंडल के सदस्य, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने फूल-मालाओं से लादकर कुलदीप सिंह पठानिया का अभिनंदन किया।
इसके पश्चात कुलदीप सिंह पठानिया समर्थकों और पार्टी नेताओं के साथ अपने पैतृक गांव छियोड़ी के लिए रवाना हुए। इस दौरान रास्ते में कई स्थानों पर लोगों ने उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि कुलदीप सिंह पठानिया के नेतृत्व में राज्य कृषि विपणन बोर्ड किसानों के हितों को प्राथमिकता देगा और कृषि विपणन व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा।
अपने स्वागत से अभिभूत कुलदीप सिंह पठानिया ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे किसानों के अधिकारों की रक्षा और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में कृषि विपणन सुविधाओं को बेहतर बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।