हमीरपुर,
राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2026 में इस बार ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। जिला प्रशासन ने महिलाओं के लिए विविध प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करने का निर्णय लिया है, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच मिल सके।
उपायुक्त एवं उत्सव की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनाना है। साथ ही पारंपरिक लोक संस्कृति को बढ़ावा देना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।
तीन दिन, कई रंग
1 मार्च: पहले दिन महिलाओं के लिए रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
2 मार्च: दूसरे दिन लैमन रेस और जूट बैग रेस के साथ सामूहिक लोकनृत्य ‘झमाकड़ा’ का आयोजन होगा। जिला हमीरपुर के विभिन्न विकास खंडों की 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग की सैकड़ों महिलाएं चौगान मैदान में एक साथ पारंपरिक झमाकड़ा नृत्य प्रस्तुत करेंगी, जिससे होली उत्सव में विशेष रंग भरने की उम्मीद है।
3 मार्च: तीसरे दिन म्यूजिकल चेयर, मटका फोड़ और रस्साकशी प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। रस्साकशी में प्रत्येक टीम में 10 महिलाएं होंगी और हर विकास खंड से दो-दो टीमें भाग लेंगी। विजेता टीम को 51 हजार रुपये और उपविजेता को 31 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि रस्साकशी और झमाकड़ा नृत्य के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारी कार्यालय में 25 फरवरी तक पंजीकरण करवाया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने सभी महिला समूहों, स्वयं सहायता समूहों और संगठनों से अपील की है कि वे इस उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लें और सुजानपुर की होली को यादगार बनाएं।