शिमला।
हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (HPMC) के नवनियुक्त उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने आज शिमला में औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने चौपाल निवासी व कांग्रेस नेता सुरेंद्र शर्मा को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि HPMC किसानों और बागवानों से सीधे जुड़ा हुआ निगम है और आने वाले समय में इसे और मजबूत बनाने के लिए वे पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि निगम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे और स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के साथ मिलकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति दी जाएगी।
सुरेंद्र शर्मा ने सरकार और कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि HPMC को आधुनिक तकनीक, मार्केटिंग और प्रोसेसिंग सुविधाओं से सशक्त बनाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने बताया कि वे जल्द ही निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर चल रहे प्रोजेक्ट्स की समीक्षा करेंगे और आगामी कार्ययोजना को अंतिम रूप देंगे, जिससे बागवानों और किसानों को वास्तविक लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि हिमाचल की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा बागवानी पर आधारित है, ऐसे में HPMC की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। निगम को नई ऊंचाई तक ले जाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।