शिमला जिला के रोहडू में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक व्यक्ति की जान ले ली। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सुचना मिली कि सारी क्वाटर नामक स्थान पर एक गाड़ी दुर्घटना ग्रस्त हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया कि वह लगभग सुबह 9:30 बजे जब सुंगरी में ढाबे के पास थे तो उन्होंने देखा कि नासरी रोड़ पर सारी क्वार्टर नामक स्थान पर एक वाहन सड़क से लगभग 200-250 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ था। जिसके बाद लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि नंम्बर (HP10A9723) की गाड़ी दुर्घटना का शिकार हुई थी। इसमें एक व्यक्ति सवार था जो गाड़ी से करीब 10 फीट नीचे घायल अवस्था मे पड़ा हुआ था। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए रोहडू अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक व्यक्ति की पहचान नरेश कुमार के रूप में हुई है जो रोहडू क्षेत्र के नासरी गांव का रहने वाला था। फिलहाल सड़क हादसे के कारणों का पता नही चल पाया है। पुलिस ने स्थानीय व्यक्ति के बयान पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।