राहुल गांधी ने राज्यसभा के लिए चुना कांग्रेस का आम कार्यकर्ता: मुख्यमंत्री

Himachal News

शिमला,

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में कांग्रेस नेता अनुराग शर्मा के राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर कार्यकर्ता सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का दिन है, क्योंकि संगठन से निकला एक साधारण कार्यकर्ता राज्यसभा तक पहुंचा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश से चार जिला अध्यक्षों के नाम मांगे थे, जिनमें से वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने अनुराग शर्मा का चयन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्यसभा चुनाव को लेकर कई तरह की बातें कर रही थी, लेकिन कांग्रेस में किसी भी प्रकार की नाराजगी नहीं है। इसी कारण अनुराग शर्मा निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब संसद में भाजपा के नेता अनुराग ठाकुर के सामने कांग्रेस के अनुराग मजबूती से हिमाचल की आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने एक आम कार्यकर्ता को राज्यसभा भेजकर स्पष्ट संकेत दिया है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भी संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं, एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को टिकट देने पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार कर रही है। प्रदेश में सीबीएसई आधारित 150 स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया है, जिनमें से कई स्कूल पिछड़े क्षेत्रों में भी स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों की स्थापना भी की जा रही है, जिससे आने वाले वर्षों में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सुधार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश के अस्पतालों में आधुनिक तकनीक और हाई-एंड मशीनें स्थापित की जा रही हैं ताकि मरीजों को राज्य के भीतर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस के एक सामान्य कार्यकर्ता को सांसद बनाकर दिल्ली भेजा गया है और अब उनके सामने प्रदेश के हितों की लड़ाई संसद में मजबूती से उठाने की जिम्मेदारी है।

अपने संबोधन में नवनिर्वाचित सांसद अनुराग शर्मा ने मुख्यमंत्री और कांग्रेस हाईकमान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे कांग्रेस संगठन और कार्यकर्ताओं का है। उन्होंने कहा कि वे हिमाचल प्रदेश के हितों और विकास के लिए संसद में मजबूती से आवाज उठाएंगे।

समारोह में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, आयुष मंत्री यादवेंद्र गोमा, विधायक, पूर्व विधायक, विभिन्न बोर्ड व निगमों के पदाधिकारी तथा कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *