हमीरपुर।
जिला हमीरपुर की होनहार बेटी शायरा अली ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) में शानदार सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। शायरा अली ने नेट परीक्षा में 72 परसेंटाइल प्राप्त कर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
शायरा अली, इल्म दीन अली की पुत्री हैं और मूल रूप से हमीरपुर जिले के झरनोट डिडवी गांव से संबंध रखती हैं। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। परिवारजनों, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने शायरा को बधाइयाँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
शायरा शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा दिल्ली पब्लिक स्कूल, मनाली से मैट्रिक तक प्राप्त की। इसके बाद सेंट पीटर स्कूल, चंडीगढ़ से प्लस टू की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी, पटियाला से एमएससी फॉरेंसिक साइंस की डिग्री हासिल की।
नेट परीक्षा में सफलता के साथ-साथ शायरा अली असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में चयनित हो चुकी हैं और पीएचडी की डिग्री भी प्राप्त कर चुकी हैं। फॉरेंसिक साइंस जैसे चुनौतीपूर्ण विषय में उनकी यह उपलब्धि विशेष रूप से सराहनीय मानी जा रही है।
शायरा अली ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया है। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी मंज़िल को हासिल किया जा सकता है। भविष्य में वे शिक्षा और शोध के क्षेत्र में योगदान देकर समाज और देश के लिए सकारात्मक कार्य करना चाहती हैं।
शायरा अली की यह सफलता ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए प्रेरणा है और यह साबित करती है कि मेहनत और लगन से राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई जा सकती है।