तीन साल का कार्यकाल पूरा कर शिव प्रताप शुक्ल अब संभालेंगे तेलंगाना के राज्यपाल का पद

Himachal News

शिमला,


हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने प्रदेश में अपना तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है और अब वे Telangana के राज्यपाल के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। तेलंगाना रवाना होने से पहले उन्होंने हिमाचल में बिताए अपने तीन वर्षों के अनुभवों को स्वर्णिम बताते हुए कहा कि इस दौरान उन्हें समाज के हर वर्ग का भरपूर सहयोग मिला।

राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें जनता, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का निरंतर समर्थन मिला, जिससे कई सामाजिक पहल को आगे बढ़ाने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने विशेष रूप से ‘नशामुक्त हिमाचल’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल से प्रदेश में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ी है, लेकिन इसे और अधिक गति देने की आवश्यकता है।

उन्होंने प्रदेश के नेताओं को कार्य संस्कृति अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश को बने हुए 50 वर्ष से अधिक समय हो चुका है। इसके बावजूद कई मामलों में अन्य राज्यों ने अधिक प्रगति की है, इसलिए प्रदेश के विकास के लिए अनुशासित कार्य संस्कृति को अपनाना आवश्यक है।

राज्यपाल ने प्रदेश में बढ़ रहे टीबी के मामलों पर चिंता जताते हुए सरकार से इस दिशा में गंभीर प्रयास करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त हिमाचल के लक्ष्य को हासिल करने के लिए व्यापक जागरूकता और प्रभावी स्वास्थ्य योजनाओं को लागू करना जरूरी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल प्रदेश आने वाले समय में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और यहां की जनता की मेहनत और ईमानदारी प्रदेश को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *