शिमला, सुन्नी
युवा मोर्चा सुन्नी मंडल द्वारा आयोजित एंटी ड्रग्स क्रिकेट कप का समापन सुन्नी कॉलेज मैदान में उत्साह और जोश के साथ हुआ। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखते हुए खेलों की ओर प्रेरित करना रहा।
समापन समारोह में भाजपा महिला मोर्चा हिमाचल प्रदेश की प्रदेश कार्यालय सचिव कमलेश शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि आज नशा युवाओं के भविष्य के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनकर खड़ा है और इससे निपटने के लिए पूरे समाज को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “खेल न केवल शरीर को मजबूत बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं। मैदान से जुड़ा युवा स्वतः ही नशे से दूर रहता है।”
उन्होंने प्रत्येक गांव और वार्ड में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कर ड्रग्स फ्री हिमाचल का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं से अपने साथियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
विजेता और उपविजेता
प्रतियोगिता में टीम थाथल अंब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया और 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि हासिल की। वहीं फ्रेंड्स-11 दाढ़गी उपविजेता रही, जिसे 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष नारायण, सुन्नी मंडल सचिव सुनीता शर्मा, महामंत्री यश शर्मा, उपाध्यक्ष साहिल वर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता पारुल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयोजकों ने भविष्य में भी नशे के खिलाफ ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया और कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा दी जाती रहेगी।