गडूही भराडू में श्रद्धा व उत्साह से मनाई गई संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती

Himachal News

जोगिंदरनगर | जतिन लटावा

जोगिंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के गडूही भराडू में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में विधायक प्रकाश राणा ने संत गुरु रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके जीवन, संघर्ष व उपदेशों पर विस्तार से प्रकाश डाला। विधायक ने कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले और प्रेरणास्रोत हैं।

प्रकाश राणा ने कहा कि संत रविदास जी का सपना एक ऐसे समाज का था जहां किसी के साथ भेदभाव न हो और हर व्यक्ति को समान अधिकार मिलें। उन्होंने उपस्थित लोगों से गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज में सौहार्द व एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन और विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने समाज में आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *