मुख्यमंत्री ने कैथू में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की नई शाखा का किया उद्घाटन

Himachal News

शिमला।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला के कैथू क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक (HPSCB) की नव-स्थापित शाखा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सहकारी बैंकिंग नेटवर्क को सशक्त बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। राज्य सरकार वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और समाज के सभी वर्गों तक सुलभ बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारी बैंक हिमाचल प्रदेश के किसानों, छोटे व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सहकारी संस्थाओं के विकास और सुदृढ़ीकरण के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। साथ ही उन्होंने इस बात पर बल दिया कि राज्य सरकार की जमा राशि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक में रखी जानी चाहिए, ताकि सहकारी बैंकिंग प्रणाली की वित्तीय मजबूती और स्थिरता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने एचपीएससीबी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि बैंक आम जनता की सेवा की मूल भावना को बनाए रखते हुए आधुनिक और प्रौद्योगिकी आधारित बैंकिंग सेवाओं का निरंतर विस्तार कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि कैथू शाखा स्थानीय लोगों की वित्तीय आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से पूरा करेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि एचपीएससीबी राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, जैसे ई-टैक्सी योजना, को लागू करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2 करोड़ रुपये का चेक भेंट किया गया। मुख्यमंत्री ने बैंक के इस उदार योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि प्राकृतिक आपदाओं और आपात परिस्थितियों में प्रभावितों को राहत प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगी।

एचपीएससीबी के प्रबंध निदेशक श्रवण मांटा ने बैंक की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि बैंक की वित्तीय स्थिति लगातार मजबूत हो रही है और इसके नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। ग्राहकों की सुविधा के लिए डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को भी प्रभावी रूप से लागू किया गया है।

कार्यक्रम में विधायक हरीश जनारथा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेन्द्र चौहान, सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार डी.सी. नेगी, बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *