बिलासपुर।
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बरठीं में जिला प्रशासन बिलासपुर की अभिनव पहल ‘पढ़ाई विद एआई’ ऐप का विधिवत शुभारंभ किया। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित डिजिटल शिक्षण प्लेटफॉर्म विशेष रूप से जिला बिलासपुर के उन विद्यार्थियों के लिए शुरू किया गया है, जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम पूरा करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को नई दिशा देने, सोच का विस्तार करने और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारने का सबसे सशक्त साधन है। उन्होंने कहा कि शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम मानते हुए प्रदेश सरकार निरंतर नवाचार को बढ़ावा दे रही है और सभी विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ‘पढ़ाई विद एआई’ ऐप की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक दूरदर्शी पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से छात्रों को आधुनिक तकनीक से जुड़ी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। ऐप के तहत पूरी तरह डिजिटल लर्निंग सिस्टम के साथ-साथ निरंतर अकादमिक काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी में मदद मिलेगी।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि एनटीपीसी के सहयोग से शुरू की गई ‘पढ़ाई विद एआई’ पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीक आधारित उच्च गुणवत्ता की शैक्षिक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इससे ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों के छात्रों को भी समान शैक्षिक अवसर मिल सकेंगे।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।