मुख्यमंत्री ने श्री राधाकृष्ण मंदिर कोटला कलां के धार्मिक उत्सव में लिया भाग

Himachal News

गीता के कर्मयोग की भावना से जनसेवा में जुटी है प्रदेश सरकार: मुख्यमंत्री

ऊना।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ऊना जिला के कोटला कलां स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति द्वारा आयोजित वार्षिक धार्मिक महासम्मेलन में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर मंदिर में माथा टेका और राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीमद्भागवत गीता में कर्म करने और फल की चिंता न करने का संदेश दिया गया है, और उसी कर्मयोग की भावना के साथ प्रदेश सरकार जनकल्याण के कार्यों में निरंतर जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं, गरीबों और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए संवेदनशील, समावेशी और मानवीय दृष्टिकोण से योजनाओं को लागू कर रही है।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत प्रदेश सरकार निराश्रित बच्चों के लिए माता-पिता की भूमिका निभा रही है। हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने लगभग 6,000 निराश्रित बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ का कानूनी दर्जा प्रदान किया है। सरकार इन बच्चों की 27 वर्ष की आयु तक शिक्षा, स्वास्थ्य और संपूर्ण देखभाल की जिम्मेदारी उठा रही है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बच्चे को 4,000 रुपये मासिक पॉकेट मनी दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी छात्र केवल आर्थिक कारणों से उच्च शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना शुरू की गई है, जिसके अंतर्गत 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण मात्र 1 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध करवाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वे दूसरी बार श्री राधाकृष्ण मंदिर आए हैं और यहां से उन्हें सदैव आध्यात्मिक ऊर्जा मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता और भगवान के आशीर्वाद से हिमाचल के हक-हकूक की लड़ाई लगातार जारी रहेगी

इस अवसर पर बाबा बाल जी महाराज ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए कहा कि भगवान की कृपा से मुख्यमंत्री पूरे हिमाचल के कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी स्मरण कराया कि आपदा के समय मंदिर समिति द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 लाख रुपये का योगदान दिया गया था।

कार्यक्रम में विधायक राकेश कालिया, विवेक शर्मा, सुदर्शन सिंह बबलू, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, महाधिवक्ता अनूप रत्न, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक अमित यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *