मंडी,
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला भी मौजूद रहीं।
आदिदेव महादेव को समर्पित इस भव्य सांस्कृतिक संध्या में पूरा पंडाल भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध गायक हंसराज रघुवंशी रहे, जिनकी शिव स्तुति और भक्तिमय भजनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके लोकप्रिय भजनों पर उपस्थित जनसमूह झूम उठा और माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपराओं की जीवंत अभिव्यक्ति है। ऐसे उत्सव हमारी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हैं और समाज में एकता, भक्ति व सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।
इससे पहले जिला प्रशासन द्वारा राज्यपाल और लेडी गवर्नर को सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।