प्रदेश में 28 फरवरी से शुरू होगा एचपीवी टीकाकरण अभियान, मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा67 हजार किशोरियों को निःशुल्क लगेगा सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीका

Himachal News

शिमला,

प्रदेश में 28 फरवरी 2026 से शुरू होने वाले राज्यव्यापी मानव पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान को लेकर मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में ग्राम पंचायतों, शहरी निकायों, स्कूलों, विभिन्न सरकारी विभागों और मीडिया के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया, ताकि लोगों को टीके के लाभ, उसकी सुरक्षा और निःशुल्क उपलब्धता के बारे में सही जानकारी मिल सके।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव में कारगर

एचपीवी टीका गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव में प्रभावी माना जाता है, जो भारत में महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है। वैज्ञानिक रूप से यह टीका सुरक्षित और प्रभावी साबित हुआ है और विश्व के कई देशों में इसका सफल उपयोग हो रहा है।

67 हजार किशोरियों को लगेगा टीका

अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 67,000 किशोरियों को एकल खुराक (सिंगल डोज) निःशुल्क लगाई जाएगी। टीकाकरण सत्र 29 मार्च, 5 अप्रैल और 12 अप्रैल 2026 को आयोजित होंगे, जबकि छूट गई किशोरियों के लिए 19 अप्रैल, 10 मई, 24 मई और 21 जून को विशेष सत्र रखे गए हैं।

प्रदेश के 378 चिन्हित सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए कोल्ड चेन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है और पंजीकरण व निगरानी यू-विन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। टीकाकरण से पहले अभिभावकों की सहमति भी ली जाएगी।

तीन माह के विशेष अभियान के बाद एचपीवी टीकाकरण को यूनिवर्सल टीकाकरण कार्यक्रम के तहत नियमित रूप से जारी रखा जाएगा। सरकार का कहना है कि यह पहल बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और राज्य में कैंसर के मामलों को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *