प्रदेश पुलिस सबसे आधुनिक, तेज और भरोसेमंद पुलिस फोर्स : मुख्यमंत्री सुक्खू

Himachal News

मुख्यमंत्री ने 1253 नवनियुक्त कांस्टेबलों को सौंपे नियुक्ति पत्र, 800 और भर्तियों की घोषणा

कांगड़ा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिला के पुलिस कॉलेज डरोह में आयोजित ‘रोजगार संकल्प मेले’ के दौरान प्रदेश पुलिस के 1253 नवनियुक्त कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी, पहचान और मिशन है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार पुलिस भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही है। उन्होंने पिछली भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में पुलिस भर्ती के पेपर लीक हुए थे, जिसके चलते युवाओं के दबाव में भर्ती प्रक्रिया रद्द करनी पड़ी। वर्तमान सरकार ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस भर्ती परीक्षा हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से करवाई।

दो माह में 800 और कांस्टेबलों की होगी भर्ती

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार आगामी दो महीनों में 800 और पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती करेगी। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश पुलिस को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा तथा कानून व्यवस्था को और प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।

हिमाचल पुलिस देश की अग्रणी पुलिस फोर्स

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश शांति, संस्कृति और देवभूमि के लिए जाना जाता है और इसे सुरक्षित बनाए रखने में पुलिस की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस देश की सबसे आधुनिक, सबसे तेज और सबसे भरोसेमंद पुलिस फोर्स में शामिल है।

उन्होंने बताया कि:

  • ईआरएसएस-112 के तहत औसत प्रतिक्रिया समय में हिमाचल पुलिस देश में प्रथम स्थान पर है।
  • सीसीटीएनएस में पहाड़ी राज्यों में हिमाचल प्रदेश लगातार पहले स्थान पर है।
  • आईटीएसएसओ (ITS-SO) में हिमाचल पुलिस देशभर में लगातार पांचवां स्थान प्राप्त कर रही है।

नशे के खिलाफ जन-आंदोलन की अगुवाई कर रही पुलिस

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने चिट्टा माफिया के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू की है। वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 2149 मामले दर्ज किए गए, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 25 प्रतिशत अधिक हैं। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए राज्यभर में एंटी-चिट्टा अवेयरनेस वॉकथॉन को जन-आंदोलन का रूप दिया गया है।

उन्होंने बताया कि चिट्टा तस्करी में संलिप्त 12 पुलिस कर्मियों को बर्खास्त किया जा चुका है और अन्य विभागों के दोषी कर्मचारियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस सुविधाओं और वर्दी की गुणवत्ता बढ़ेगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस वर्दी की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं तथा कांस्टेबलों की यूनिफॉर्म ग्रांट बढ़ाने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। साथ ही भूतपूर्व सैनिकों को 10 वर्ष की सेवा के बाद हॉनरेरी हेड कांस्टेबल और 15 वर्ष बाद हॉनरेरी एएसआई बनाए जाने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई तथा पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न बचाव तकनीकों का प्रदर्शन भी किया गया।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, विधायक किशोरी लाल और मलेंद्र राजन, उपायुक्त हेमराज बैरवा, एसपी अशोक रतन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *