शिमला,
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सुक्खू सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस सरकार बीपीएल नियमों में बदलाव कर गरीबों को योजनाओं से बाहर करने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में कांग्रेस सरकार ने आम आदमी, गरीब और मध्यम वर्ग का जीवन कठिन बना दिया है और अब बीपीएल सूची में नए नियम लागू कर वास्तविक गरीबों को बाहर करने की तैयारी की जा रही है।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि जैसे ही नए बीपीएल नियम लागू होंगे, बड़ी संख्या में वे परिवार सूची से बाहर हो जाएंगे, जिन्हें वास्तव में सरकारी सहायता की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने इसे कोई प्रशासनिक सुधार नहीं, बल्कि सुनियोजित गरीब विरोधी नीति करार दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार “व्यवस्था परिवर्तन” का नारा देती है, लेकिन हकीकत में यह सरकार प्रदेश को गरीबों के लिए व्यवस्था पतन की ओर ले जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने ग्रामीण और गरीब परिवारों के लिए ‘विकसित भारत–रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ योजना लागू की है, जिसमें 125 दिन की रोजगार गारंटी सहित कई सुविधाएं दी जा रही हैं, लेकिन हिमाचल की कांग्रेस सरकार इस योजना को लेकर भी लोगों को गुमराह कर रही है।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि इससे पहले मनरेगा में भी प्रदेश सरकार ने अपना अंशदान समय पर नहीं दिया, जिससे गरीबों और मजदूरों को नुकसान हुआ और बाद में सारा ठीकरा केंद्र सरकार पर फोड़ा गया। उन्होंने कहा कि आज भी कांग्रेस सरकार वही रवैया अपनाए हुए है।
उन्होंने आपदा राहत को लेकर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल को आपदा राहत के लिए ₹300 करोड़ और ₹601 करोड़ की अतिरिक्त सहायता प्रदान की, लेकिन इन पैसों का सही उपयोग नहीं किया गया। आपदा प्रभावित गरीब परिवारों तक राहत नहीं पहुंची और धनराशि के दुरुपयोग के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं।
डॉ. राजीव बिंदल ने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश के गरीबों, बीपीएल परिवारों और आपदा प्रभावितों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी और कांग्रेस सरकार की गरीब विरोधी नीतियों को बेनकाब करती रहेगी।