शिमला,
आर्मी ट्रेनिंग कमांड (आरट्रैक) के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल जय प्रताप सिंह ने आज लोक भवन, शिमला में राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान राज्यपाल ने देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्रीय संप्रभुता एवं अखंडता की रक्षा में भारतीय सेना की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेना के जवान कठिन एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं।
राज्यपाल ने सशस्त्र बलों और हिमाचल प्रदेश की जनता के बीच मजबूत एवं आत्मीय संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का भारतीय सेना के साथ विशेष और गौरवशाली रिश्ता रहा है तथा प्रदेश में सैन्य सेवा और राष्ट्र के लिए बलिदान की समृद्ध परंपरा रही है।
भेंट के दौरान देश की सुरक्षा, सशस्त्र बलों की भूमिका तथा हिमाचल प्रदेश और सेना के बीच आपसी जुड़ाव से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।