शिमला,
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम के जरिए कांगड़ा जिले के शाहपुर में आयोजित एंटी-चिट्टा वाकाथॉन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान को जन आंदोलन बनाने और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। वहीं, मुख्यमंत्री ने शाहपुर दशहरा उत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शाहपुर में आयोजित वाकाथॉन का मुख्य उद्देश्य चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
उन्होंने कहा कि चिट्टा केवल एक व्यक्ति का जीवन प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। नशे की लत युवाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन को नुकसान पहुंचाने के साथ उनके भविष्य को भी खतरे में डालती है। ऐसे में युवा पीढ़ी को नशे से बचाना सरकार के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से नशे के दुष्प्रभावों को समझने और अपने साथियों तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने युवाओं को खेलकूद, शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों और सकारात्मक कार्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों तथा युवाओं पर विशेष ध्यान देने का आह्वान करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को प्रभावी बनाने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।
सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार चिट्टे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने, नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और नशे के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की रणनीति केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूकता, जनभागीदारी और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से नशे से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने और सरकार के नशामुक्त हिमाचल अभियान में सहयोग करने की अपील की।
शाहपुर दशहरा उत्सव को मिला राज्य स्तरीय दर्जा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शाहपुर दशहरा उत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षण और प्रोत्साहन मिलेगा तथा शाहपुर की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।
शाहपुर दशहरा मैदान में मौजूद उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शाहपुर में चिट्टे के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और एंटी-चिट्टा वाकाथॉन भी इसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
महाधिवक्ता अनूप रतन ने भी नशे के खिलाफ जनजागरूकता और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताते हुए लोगों से अभियान में आगे आकर सहयोग करने का आग्रह किया।
वाकाथॉन में विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और स्थानीय निवासियों ने भाग लिया और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।