आईएएस अधिकारी राकेश कुमार प्रजापति ने मुख्यमंत्री सुक्खू को भेंट किया अपना पहला उपन्यास ‘लाइटर दैन येस्टर्डे’

Himachal News

शिमला ,

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी राकेश कुमार प्रजापति ने आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट कर उन्हें अपना पहला उपन्यास ‘लाइटर दैन येस्टर्डे’ (Lighter Than Yesterday) भेंट किया।

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने राकेश कुमार प्रजापति को उनके प्रथम उपन्यास के लिए बधाई देते हुए उनकी साहित्यिक यात्रा की सफलता की कामना की। उन्होंने प्रशासनिक दायित्वों के साथ साहित्यिक सृजन के उनके प्रयास की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि ‘लाइटर दैन येस्टर्डे’ पाठकों को सकारात्मक सोच, आत्ममंथन और जीवन के गहरे पहलुओं को समझने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं के साथ रचनात्मक लेखन के माध्यम से मानवीय संवेदनाओं और जीवन के विभिन्न पक्षों को अभिव्यक्त करना एक सराहनीय पहल है।

राकेश कुमार प्रजापति का यह उपन्यास उनकी साहित्यिक रुचि और रचनात्मक अभिव्यक्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच साहित्य के क्षेत्र में उनकी यह पहल पाठकों के लिए एक अलग अनुभव प्रस्तुत कर सकती है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले राकेश कुमार प्रजापति ‘लाइटर दैन येस्टर्डे’ की प्रति परम पावन दलाई लामा को भी भेंट कर चुके हैं।