नाथपा झाकड़ी जलविद्युत परियोजना की कार्यप्रणाली से रूबरू हुए राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता, ऊर्जा उत्पादन और तकनीकी प्रगति की समीक्षा की

Himachal News

स्वदेशी तकनीक से उपकरणों का निर्माण आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ी उपलब्धि: राज्यपाल

नाथपा झाकड़ी परियोजना विकसित भारत-2047 के लक्ष्य और देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में निभा रही अहम भूमिका

शिमला,

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने एसजेवीएन लिमिटेड की 1500 मेगावाट क्षमता वाली नाथपा झाकड़ी जलविद्युत परियोजना का दौरा कर इसकी कार्यप्रणाली, परिचालन दक्षता और देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में परियोजना के योगदान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की तकनीकी उपलब्धियों, विद्युत उत्पादन क्षमता और भविष्य की संभावनाओं के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

परियोजना प्रमुख एवं मुख्य महाप्रबंधक राजीव कपूर ने राज्यपाल को परियोजना की कार्यप्रणाली, उत्पादन संबंधी उपलब्धियों और तकनीकी क्षेत्र में हो रही प्रगति से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि जलविद्युत परियोजनाओं में इस्तेमाल होने वाले कई आधुनिक और महत्वपूर्ण उपकरण पहले विदेशों से आयात किए जाते थे, लेकिन अब इनका निर्माण देश में ही किया जा रहा है। इससे स्वदेशी विनिर्माण को बढ़ावा मिलने के साथ तकनीकी आत्मनिर्भरता भी मजबूत हुई है।

इस उपलब्धि की सराहना करते हुए राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसी पहलों के माध्यम से देश स्वदेशी विनिर्माण के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए अत्याधुनिक उपकरणों का देश में निर्माण होना इस बात का प्रमाण है कि भारत तकनीकी रूप से लगातार सशक्त हो रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वदेशी तकनीक और विनिर्माण क्षमता में वृद्धि से आयात पर निर्भरता कम होगी और देश आत्मनिर्भरता के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा।

जलविद्युत उत्पादन से मजबूत होगी ऊर्जा सुरक्षा

राज्यपाल ने जलविद्युत को स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा भविष्य का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में जलविद्युत उत्पादन की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। इनका बेहतर उपयोग राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती देने के साथ-साथ प्रदेश में सतत विकास और आर्थिक समृद्धि को भी गति प्रदान कर सकता है।

उन्होंने कहा कि नाथपा झाकड़ी जैसी बड़ी जलविद्युत परियोजनाएं देश की लगातार बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में अहम योगदान दे रही हैं। साथ ही, वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भी इन परियोजनाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने पर जोर

राज्यपाल ने परियोजना के सुचारू संचालन और बेहतर कार्यप्रणाली को बनाए रखने के लिए अधिकारियों, इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़ी ऊर्जा परियोजना की सफलता के लिए तकनीकी नवाचार के साथ कार्यस्थल पर सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है।

उन्होंने परियोजना प्रबंधन और पूरी टीम को बधाई देते हुए आह्वान किया कि वे इसी समर्पण, प्रतिबद्धता और कार्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान जारी रखें।