सूफी गायक बावर मुद्दसिर की प्रस्तुति ने बांधा समां, पारंपरिक संस्कृति और लोक विरासत की दिखी झलक
रामपुर बुशहर,
विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की रौनक के बीच राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिन्दु गुप्ता भी मौजूद रहीं। सांस्कृतिक संध्या में क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं, कला और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त शिमला एवं लवी मेला समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने राज्यपाल और लेडी गवर्नर का स्वागत किया तथा उन्हें सम्मानित किया।
पहली सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण सूफी गायक बावर मुद्दसिर की प्रस्तुति रही। उन्होंने अपनी सुरीली आवाज और शानदार गायकी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने खूब आनंद लिया और सांस्कृतिक कार्यक्रम का माहौल संगीतमय बना रहा।
सांस्कृतिक विरासत और आपसी सद्भाव का मंच है लवी मेला
कार्यक्रम के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को भी रेखांकित किया गया। यह मेला विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। इसके साथ ही पारंपरिक विरासत के संरक्षण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
लवी मेला आपसी भाईचारे, समरसता और सद्भाव की भावना को मजबूत करने वाला ऐसा मंच है, जहां क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ विभिन्न परंपराओं का संगम देखने को मिलता है।
इस अवसर पर रामपुर नगर परिषद के अध्यक्ष कर्ण शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।