शिमला,
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चमियाना स्थित अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान का दौरा कर वहां चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण एवं विकास कार्यों में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने संस्थान के अधिकारियों के साथ विभिन्न कार्यों की प्रगति पर चर्चा की और अस्पताल परिसर में उपलब्ध सुविधाओं तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
मरीजों से मिले मुख्यमंत्री, नर्सिंग स्टाफ से भी की बातचीत
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपचाराधीन मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उपचार तथा अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने नर्सिंग स्टाफ से भी बातचीत की और अस्पताल की कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाना के प्रधानाचार्य डॉ. बृज शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।