तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर कांग्रेस सरकार की मंडी में जन संकल्प रैली

Himachal News

हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार अपने तीन साल का कार्यकाल पूरा करने जा रही है। इस उपलक्ष्य पर 11 दिसंबर को मंडी में जन संकल्प रैली का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता के शामिल होने की उम्मीद है।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बीते तीन वर्षों में व्यवस्था परिवर्तन के नारे को सार्थक करते हुए जनहित में कई काम किए हैं। उन्होंने बताया कि हालिया आपदा में मंडी जिला सबसे ज़्यादा प्रभावित रहा, जहां सरकार ने बिना किसी केंद्रीय मदद के राहत कार्य चलाए।

रोहित ठाकुर ने कहा कि जबसे प्रदेश में कांग्रेस सरकार आई है, तबसे केंद्र सरकार का कोई सहयोग नहीं मिला। आपदा के दौरान राज्य सरकार ने अपने संसाधनों के दम पर राहत पहुंचाने का काम किया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी जनता को प्राथमिकता दी।

शिक्षा मंत्री ने भारतीय जनता पार्टी पर केवल राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस सरकार तीन साल पूरे होने पर जश्न नहीं, बल्कि जनता के साथ संकल्प का कार्यक्रम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *