जवाली थाना क्षेत्र के तहत देहरी में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक मकान पर छापेमारी कर 130 ग्राम चरस, 6.82 ग्राम चिट्टा और 1 लाख से अधिक की नकदी बरामद की है। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने देहरी निवासी रंजना देवी, सन्नी कुमार और सुनील कुमार के मकान की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने नशीले पदार्थों के साथ 102340 रुपये नकद और डिजिटल तराजू भी जब्त किया।
डीएसपी वीरी सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी ने कहा कि नशा माफिया को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।