होली (चंबा)
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने भरमौर विधानसभा क्षेत्र के होली में दिवंगत युवा कांग्रेस महासचिव चंद्रमणि कुलेठी के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें इस कठिन समय में हिम्मत बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रमणि कुलेठी एक सामाजिक और लोकप्रिय युवा नेता थे। उनका असमय निधन सभी के लिए दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार और पार्टी संगठन शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं और हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे।
पत्नी को सरकारी रोजगार देने पर विचार
परिजनों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि चंद्रमणि कुलेठी की धर्मपत्नी को सरकारी रोजगार उपलब्ध करवाने के मामले पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि चंद्रमणि कुलेठी की स्मृति को बनाए रखने के लिए उनके नाम पर किसी विशिष्ट स्थान का नामकरण करने पर भी विचार किया जाएगा।
इस अवसर पर चंबा सदर के विधायक नीरज नैय्यर भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।