लिल्ह कोठी (चंबा),
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिले के भरमौर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान विकास कार्यों को नई गति देते हुए 175 करोड़ रुपये की लागत वाली 26 परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र में तैयार हो चुकी कई महत्वपूर्ण योजनाएं जनता को समर्पित कीं। इनमें 10.64 करोड़ रुपये की लागत से भरमौर-बड़ग्राम वाया गागला से लूणी सड़क का स्तरोन्नयन और 9.65 करोड़ रुपये से सिरड़ी-सुपा सड़क का उन्नयन शामिल है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग मंडल होली में 83 लाख रुपये की लागत से बने सार्वजनिक पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भी उद्घाटन किया गया।
नए कॉलेज भवन सहित शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण
लिल्ह कोठी में 14.46 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए राजकीय आदर्श महाविद्यालय का मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया। इसके साथ ही किलोड़-कुनेड़ सड़क पर बटोटू नाले पर 2.41 करोड़ रुपये से बने पुल को भी जनता को समर्पित किया।
शिक्षा क्षेत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मैहला में 33 लाख रुपये की लागत से तैयार चार कमरों का उद्घाटन किया गया। वहीं, बेलज में 16 लाख रुपये की लागत से निर्मित आयुर्वेदिक औषधालय भी जनता को समर्पित किया गया।
भरमौर में सड़कों के निर्माण को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सड़क संपर्क मजबूत करने के उद्देश्य से कई नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें 6.77 करोड़ रुपये की डिबरी-ओहरा सड़क, 3.73 करोड़ रुपये की झिकली कुगती-उपली कुगती सड़क, 11.26 करोड़ रुपये की नयाग्राम-बजोल सड़क और 9.51 करोड़ रुपये की हड़सर-बलमुई सड़क शामिल हैं।
इसके अलावा 16.98 करोड़ रुपये की लामू-क्वारसी सड़क, 11.98 करोड़ रुपये की कांडी-कुठेर सड़क, 6.02 करोड़ रुपये की उरई गांव से घटोर तक संपर्क सड़क, 4.76 करोड़ रुपये की पट्टी-खुंड सड़क, 3.88 करोड़ रुपये की खणी-अर्की सड़क और 8.59 करोड़ रुपये की खड़ामुख-धजी सड़क का भी शिलान्यास किया गया।
अन्य सड़क परियोजनाओं में 3.99 करोड़ रुपये की ठठाण गांव संपर्क सड़क, 8.84 करोड़ रुपये की बकाणी-धरबेटा सड़क, 9.12 करोड़ रुपये की लाहल-कुनेड़ सड़क, 5.81 करोड़ रुपये की सुनारा-कुंडी-अंदरूंड सड़क, 6.03 करोड़ रुपये की दुनाली-कलांस सड़क, 7.17 करोड़ रुपये की गेहरा-मंधारा सड़क और 5.73 करोड़ रुपये की गलथन-मस्सू सड़क शामिल हैं।
चूड़ी में बनेगा 30 बिस्तरों वाला अस्पताल
स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चूड़ी में 5.64 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 30 बिस्तरों की क्षमता वाले नए अस्पताल भवन की आधारशिला रखी। इसके साथ ही 50 लाख रुपये की लागत से उप तहसील धरवाला के नए भवन का निर्माण कार्य भी शुरू करने के लिए शिलान्यास किया।
इन परियोजनाओं से भरमौर क्षेत्र में सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय नागरिक सुविधाओं के विस्तार को मजबूती मिलने की उम्मीद है।